महिला ने की पति की गला घोटकर हत्या, महिला गिरफ्तार
देहरादून। कैंट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की गला घोट कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने लोगों को बताया कि उसके पति ने आत्महत्या की है। 28 अगस्त की घटना में सोमवार को पुलिस ने काजल नाम की महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ संबधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
है। दून के थाना कैंट स्थित विंदाल कॉलोनी में 28 अगस्त को सेंटरिंग कारीगर की आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है। पत्नी ने पति की गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस ने महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शक के आधार पर पुलिस ने युवक का पोस्टमार्टम करवाया था। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई है। वहीं, पुलिस पूछताछ में महिला ने भी अपना गुनाह कबूल कर लिया है। इंस्पेक्टर कैंट विद्या भूषण नेगी ने बताया कि महिला और उसके पति राम पुकार झा में अक्सर झगड़ा रहता था। 28 अगस्त को जब महिला ने बताया कि उसके पति ने आत्महत्या की है तो उसे कोरोनेशन ले जाया गया। कोरोनेशन अस्पताल में ही डॉक्टरों और पुलिस को संदेह हुआ कि यह आत्महत्या नहीं हो सकती है। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया तो साफ हुआ कि मृत्यु का कारण आत्महत्या नहीं, बल्कि दम घुटना है यानी महिला ने उसे गला दबाकर मार डाला। महिला को गिरफ्तार किया गया तो उसने उस रात की सारी बात उगल दी। उसने कहा कि उसका पति रोज शराब पीकर उसे मारता-पीटता था। इससे तंग आकर उसने उसे मार डाला। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
किराएदार ने दी फांसी लगाकर अपनी जान
देहरादून। थाना रायपुर के अंतर्गत सोमवार सुबह सुमन पुरी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे व्यक्ति ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के दोस्त ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। जिसके चलते आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी सूचित किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया फांसी लगाने वाले व्यक्ति का नाम विजय सरकार (45) था, जो कि मालू का मांझी पारा, पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। विजय मेलों में किताबें बेचने का काम करता था। लॉकडाउन के बाद से ही वह कनक सिनेमा हॉल के पास चाय की दुकान चला रहा था। सोमवार को सुबह विजय अपने कमरे के बाहर करीब 6.30 बजे से 7 बजे तक टहल रहा था। उसके बाद उसने अपने कमरे में जाकर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। 9 बजे करीब विजय का दोस्त सुरेश को घटना की जानकारी मिली। जिसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। रायपुर थाना प्रभारी अमरजीत ने बताया कि मौके से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। जिसके कारण आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी गई है।
महिला ने खुद को लगाई आग
देहरादून। देहरादून में त्यागी रोड पर एक महिला ने खुद को आग लगा दी। फिलहाल, महिला को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। महिला 50 प्रतिशत से ज्यादा जल गई है। बताया गया कि जब उसने खुद को आग लगाई उस वक्त उसकी गोद में एक बच्चा भी था, जो छिटककर नीचे गिर गया था और उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
दरअसल, ये महिला सुबह से ही क्षेत्र में घूम रही थी। बताया जा रही कि उसने एक दुकान में नाश्ता भी किया था। इसके बाद अचानक खुद को आग लगा दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुकानदारों ने पानी डालकर किसी तरह आग को बुझाया और पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिए महिला को अस्पाल में भर्ती कराया। आग लगाने के दौरान महिला ने बच्चे को भी गोद में रखा हुआ था। हालांकि फिर बच्चा छिटककर नीचे जा गिरा। वो पूरी तरह से सुरक्षित है।